*समग्र भारत का 26 अप्रैल 2017 का मौसमी पूर्वानुमान*
*देश भर में बने मौसमी सिस्टम*
उत्तरी पाकिस्तान और इससे सटे जम्मू कश्मीर के पास बना पश्चिमी विक्षोभ आगे निकल गया है।
दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान से मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड होते हुए उत्तरी ओड़ीशा तक एक ट्रफ रेखा बनी हुई है।
झारखंड से आंतरिक ओड़ीशा और तटीय आंध्र प्रदेश होते हुए एक ट्रफ रेखा दक्षिणी तमिलनाडु तक पहुँच रही है।
पूर्वोत्तर भारत के राज्यों पर भी हवाओं में एक चक्रवाती क्षेत्र बना हुआ है।
*देश के विभिन्न भागों में दर्ज की गई मौसमी गतिविधियां*
बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश की गतिविधियां जारी रहीं। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी अच्छी वर्षा दर्ज की गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान गंगटोक में 81 मिलीमीटर और पासीघाट में 63 मिलीमीटर की भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। सिलचर में 27 मिलीमीटर, तेज़पुर में 25 मिलीमीटर, उत्तरी लखीमपुर में 14 और गोलाघाट में 12 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।
जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर वर्षा रिकॉर्ड की गई। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बारिश के साथ तेज़ गर्जना और तूफानी हवाओं की गतिविधियां भी देखने को मिलीं।
राजस्थान के कुछ इलाकों में धूलभरी आँधी ने दोपहर के बाद और शाम के समय मौसम को प्रभावित किया। अलवर और जयपुर जैसे कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी खबर है।
तमिलनाडु, केरल और अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई हैं।
आंतरिक ओड़ीशा, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में कुछ स्थानों पर लू जैसे हालत बने रहे। हालांकि देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में हल्की गिरावट हुई और अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रिकॉर्ड किया गया।
*आगामी 24 घंटों का मौसमी पूर्वानुमान*
अगले 24 घंटों के दौरान पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में गरज के साथ मध्यम से भारी बारिश दर्ज किए जाने के आसार हैं। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज के साथ तेज़ हवा के झोंके संभावित हैं।
जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में एक-दो स्थानों पर गरज के साथ वर्षा हो सकती है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में भी एक-दो स्थानों पर बादलों की गर्जना जैसी स्थितियाँ देखने को मिल सकती हैं।
केरल और आंतरिक तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है।
ओड़ीशा, रायलसीमा और तेलंगाना में लू जैसी स्थितियाँ बनी रहेंगी।
*(स्काइमेट)*
No comments:
Post a Comment